संडीला। संडीला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कस्बे में निकले बारावफात के जुलूस में एक युवक ने उल्टा राष्ट्रीय ध्वज लहरा दिया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। कस्बा चौकी प्रभारी मार्कंडेय सिंह ने कोतवाली में दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि बुधवार को बारावफात का जुलूस निकाला जा रहा था। इस जुलूस में उन्नाव जनपद के बांगरमऊ थाना क्षेतत्रे मऊ सुरसेनी के मूल निवासी और इन दिनों संडीला के मोहल्ला अशराफ टोला बरौली में रह रहे अबू गुरैरा भी शामिल थे। अबू गुरैरा जुलूस में राष्ट्रीय ध्वज को उलटा लहरा रहे थे। कोतवाल नित्यानंद सिंह ने बताया कि राष्ट्र गौरव अपमान अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है। संवाद