ट्रक की टक्कर से युवक की मौत
संडीला। कोतवाली क्षेत्र के आईआर इंटर काॅलेज के पास बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई।
कस्बे के मोहल्ला निचला मलकाना माकुम कुआं निवासी कमल विश्वकर्मा (30) स्टील व लोहे की रेलिंग बनाने का काम करता था। शनिवार शाम वह चक्कर रोड पर एक मकान में काम करके बाइक से वापस घर आ रहा था। रास्ते में आईआर इंटर काॅलेज के पास प्रतिभा सिनेमा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए सीएचसी संडीला लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चार भाई और एक बहन में दूसरे नंबर का था। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।