मौसम बदलते ही बढ़ने लगी मरीजों की संख्या
- जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर लग रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मौसम में हुए बदलाव का असर सरकारी अस्पताल में देखने को मिल रहा है। अस्पताल में उल्टी, दस्त सहित बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। इसके चलते अस्पताल में सुबह से मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं। मंगलवार को पर्चा काउंटर पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। मरीज बढ़ने से जिला अस्पताल की व्यवस्था बदहाल है। यहां दवाइयों की कमी के चलते मरीजों को चार दिन की जगह केवल दो दिन की दवाएं दी जा रहीं हैं। ऐसे में दूर दराज इलाकों से आने वाले मरीजों को दौड़ भाग करनी पड़ती है।
दरअसल अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से मौसमी बीमारी खांसी, जुकाम, बुखार, उल्टी, दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ रही है मरीजों को डॉक्टर को दिखाने के लिए भी लाइन में खड़े रहकर इंतजार करना पड़ रहा है। दवा वितरण की खिड़कियों पर भी मरीजों की भीड़ लगी रहती है। जिला अस्पताल के डॉक्टर ईएमओ शेर सिंह का कहना है कि मौसम में बदलाव आने से वायरल के मरीजों की संख्या ओपीडी बढ़ रही है। अस्पताल खुलने के बाद मरीजों की काफी भीड़ रही। मंगलवार को अस्पताल में ओपीडी 1600 के पार पहुंच गई। अस्पताल में अधिकांश मरीज वायरल बुखार से पीड़ित आए। इसके अलावा खांसी और जुकाम के मरीजों की भी संख्या काफी रही। इसके चलते देर तक मरीजों को इलाज के लिए लाइनों में लगना पड़ा। मरीजों को आधी अधूरी दवाइयां दी जा रही हैं। इसके चलते उन्हें बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।
फोटो
जिला अस्पताल की ओपीडी में दवाइयां व इंजेक्शन की कमी होने के चलते दोपहर के बाद ही सन्नाटा पसर गया। यहां पर कोई मरीज दर्द का इंजेक्शन या दवा लेने पहुंच रहा है। तो उसे यहां पर मायूसी झेलनी पड़ती है। मरीजों को खुद बाहर से दवा लेनी पड़ रही है।
मरीजों की जुबानी उनकी परेशानी
अहिरोरी ब्लॉक के आल्हा दादपुर निवासी रोशन दवा लेने के लिए जिला अस्पताल की ओपीडी आए थे। उनका कहना था कि उनके पूरे शरीर में दर्द हो रहा है। इसलिए डॉक्टर से परामर्श लिया, तो उन्हें दर्द का इंजेक्शन लगाने के लिए सलाह दी गई, जब वह इंजेक्शन कक्ष पहुंचे तो वहां पर दर्द का इंजेक्शन न होने की बात बताई गई। वहीं राजदेवी का कहना है कि उसके पर्चे में पांच प्रकार की दवाएं लिखी हैं। इसमें उसे तीन प्रकार की दवाइयां मिल पाईं है। अन्य दवा को बाहर से लेने के लिए कहा गया है।
पनप रहे मच्छरों से लोग हो रहे बीमार
बारिश के कारण शहर के खाली प्लाटों में पानी भर गया है। इसके चलते मच्छर पनप रहे हैं। ऐसे में बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं मलेरिया विभाग ने मच्छरों से निपटने के लिए कोई पहल नहीं की है। ऐसे में आने वाले दिनों में डेंगू, मलेरिया के मरीज मिल सकते हैं।