मुख्यमंत्री कार्यालय के आदेश पर शाखा प्रबंधक व बैंक मित्र पर केस दर्ज
- बैँक ऑफ इंडिया की शाखा फतिहापुर का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बिलग्राम कोतवाली के ग्राम डाभा निवासी गंगाराम ने मुख्यमंत्री कार्यालय के आदेश पर कोतवाली में बैंक ऑफ इंडिया शाखा फतिहापुर में कार्यरत बैंक मित्र अनुपम और शाखा प्रबंधक पर मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़ित ने बताया कि बैंक मित्र और शाखा प्रबंधक ने धोखाधड़ी करके पुत्री के विवाह की जमा धनराशि का गबन कर लिया। उन्होंने बताया कि पुत्री चांदनी के विवाह के लिए बैंक आफ इंडिया में खाता खुलवाया था। बैंक शाखा में कार्य करने वाला बैंक मित्र जो बैंक के सामने अपनी दुकान खोल कर बैठता है और बैंक का लेनदेन कार्य करता है। उन्होंने बैंक मित्र को खाते में जमा करने के लिए 49 हजार रुपये दिए थे। उसने पैसे जमा नहीं किए। जब उसने इसकी शिकायत शाखा प्रबंधक से की तो प्रबंधक ने उन्हें बैंक से भगा दिया। वह अपनी पुत्री का विवाह धन अभाव के कारण नहीं कर सके।
बिलग्राम कोतवाल सतेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है।