आवास सत्यापन में हीलाहवाली पर बिफरीं सीडीओ
- ग्राम पंचायत सचिव को जमकर लगाई फटकार
संवाद न्यूज एजेंसी
भरावन। ब्लॉक सभागार में रविवार को सीडीओ आकांक्षा राना ने सचिवों, रोजगार सेवकों, लेखपालों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा की। इस दौरान धीमी प्रगति पर सचिवों को फटकार लगाई।
सीडीओ आकांक्षा राना ने कहा की आवासों का जियो टैग रोजगार सेवक करेंगे। दो दिन में पात्रों की आवास सूची तैयार की जाए, एक भी अपात्र का चयन नहीं होना चाहिए। गड़बड़ी मिलने कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बीडीओ महेश चंद्र ने बताया कि ब्लाॅक भरावन में 10,678 ग्रामीणों ने पंजीयन कराया था। इसका सत्यापन ग्राम पंचायतों में अलग-अलग टीमें कर रही हैं।
बैठक में सचिव जागेश्वर ने समीक्षा बैठक में सीडीओ से कहा कि आवास अधिक है, मैं कर नहीं पाऊंगा। इस बात पर सीडीओ ने सचिव को कड़ी फटकार लगाई, तो उसके चेहरे से पसीना छूटने लगा। सीडीओ ने सचिव आनंद गौतम और सुशील पाल को भी चेताया।
बैठक में तहसीलदार राजू यादव, पटल सहायक अहमद अब्बास, एडीओ पंचायत मेवाराम, समाज कल्याण एडीओ कदीर अहमद, रोजगार सेवक विष्णु प्रताप सिंह मौजूद रहे।
सीडीओ से दर्ज कराई शिकायत
भरावन। ब्लॉक की ग्राम पंचायत इटौजा के ग्रामीणों ने प्रधान व सचिव पर अपात्रों को प्रधानमंत्री आवास देने का आरोप लगाया है। ग्रामीण योगेंद्र, सौरभ पांडेय, सुंदरलाल, श्रीपाल, मोनू पांडेय, राम औतार, रामकुमार, मटरू, जयदेवी, पुत्तीलाल आदि ने सीडीओ से लिखित शिकायत करते हुए बताया कि प्रधान व सचिव अनिल वर्मा ने आवासों की सूची में ऐसे अपात्रों के नाम शामिल किए हैं। इनके मकान पक्के बने हैं। सीडीओ आकांक्षा राना ने बीडीओ को शिकायती पत्र देते हुए जांच करने के आदेश दिए। (संवाद)