टीवी सीरियल के नाम पर ठगी करने वालों पर रिपोर्ट दर्ज
- 15 लाख रुपये ठगने वालों की कुंडली खंगालने मुंबई जाएगी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मुंबई में बैठकर टीवी सीरियल के नाम पर अधिवक्ता की बेटी के साथ 15 लाख की ठगने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया था। अब पुलिस आरोपियों की तलाश में मुंबई जाएगी।
शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला दिलेरगंज निवासी अधिवक्ता जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि उनकी बेटी भूमिका गुप्ता अभिनेत्री (कलाकार) है। उससे नवीं मुंबई महाराष्ट्र के रितेश, महेश पटेल, सिद्धार्थ खुराना उर्फ साबिर, जेके अरोड़ा उर्फ अंकित मिश्रा, एहसान खां और शंकर त्रिपाठी ने टीवी सीरियल में काम दिलाने के लिए 15 लाख रुपये की मांग की। एक महीने के अंदर उनकी बेटी को टीवी सीरियल में काम देने की बात कही।
इस पर उन्होंने अपनी पत्नी के खाते से 15 लाख रुपये उन्हें दिए। बेटी को काम नहीं मिला तो उन्होंने महेश पटेल से फोन पर बात की। इस बात से गुस्सा होकर वह गालियां देने के साथ ही जान से मारने की धमकी देने लगा। इस पर उसने कोर्ट में वाद दाखिल किया था।
कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि अदालत ने आदेश पर ठगी करने वाले रीतेश, महेश पटेल, सिद्धार्थ खुराना, जेके अरोरा, एहसान खां और शंकर त्रिपाठी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया गया है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच टीम मुंबई भी जा सकती है।