हरियावां (हरदोई)। मृत बच्चे को जन्म देने के बाद प्रसूता की लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई। मृतका के पिता ने पति पर गर्भवती की पिटाई करने और पिटाई के कारण ही बच्चे व बेटी की मौत हो जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर पुलिस को दी है।
सीतापुर जनपद के पिसावां थाना क्षेत्र के बदलापुर निवासी रामपाल ने अपनी पुत्री रिक्खी सिंह (20) की शादी हरियावां थाना क्षेत्र के कटिघरा गांव निवासी राहुल के साथ 20 मई 2023 को की थी। रिक्खी गर्भवती थी। 26 मार्च को प्रसव पीड़ा होने पर ससुरालीजन रिक्खी को एक प्राइवेट अस्पताल ले गए।
जहां हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ में अस्पताल में उसने मृत बच्चे को जन्म दिया और शनिवार रात रिक्खी की मौत हो गई। इसके बाद ससुरालीजन शव लेकर गांव आ गए और घटना की जानकारी मायके पक्ष के लोगों को दी। यहां आकर मृतका के पिता रामपाल ने ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप लगाए।
पुलिस को दी तहरीर में रामपाल ने बताया कि दामाद शादी के बाद से ही 50 हजार रुपये और एक साेने की चेन की मांग कर रहा था। यह मांग पूरी न होने पर गर्भवती बेटी की पिटाई की। इसके कारण गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई और इसी के चलते रिक्खी की भी मौत हो गई। थानाध्यक्ष भावना भारद्वाज ने बताया कि तहरीर मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।