फोटो-09- कोविड वार्ड का निरीक्षण करते जेडी अचल सिंह यादव
- फोटो : HARDOI
हरदोई। कोविड के नए स्वरूप से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारी कर रही है। इस क्रम में मंगलवार को मॉक ड्रिल हुई। इन तैयारियों का जायजा संयुक्त निदेशक डॉ. अचल सिंह यादव, सीएमओ डॉ. राजेश कुमार तिवारी सहित अन्य चिकित्साधिकारियों ने लिया।
संयुक्त निदेशक ने 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय में कोविड मरीजों के भर्ती करने एवं इलाज करने संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। सीएमओ ने बावन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डब्ल्यूएचओ की सर्विलांस अधिकारी डॉ. सौम्या ने मेडिकल कॉलेज, एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार सहित अन्य ने संडीला, शाहाबाद, अहिरोरी सीएचसी पर की गई कोविड की तैयारियों का निरीक्षण किया। बताया कि यह मॉक ड्रिल कोविड के नए वैरियंट के संक्रमण के बढ़ने की आशंका के मद्देनजर हुई।
सीएमओ ने बताया कि जिले में कुल छह चिकित्सालयों में 420 बेड तैयार है। सभी चिकित्सालयों पर आक्सीजन प्लांट स्थापित हैं। पाइपलाइन से बेड तक आक्सीजन पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध है। माक ड्रिल के दौरान मुख्य रूप से ऑक्सीजन प्लांट, पाइप लाइन, मानव संसाधन की उपलब्धता व उनके प्रशिक्षण, औषधियों की उपलब्धता की जानकारी ली गई।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज मिश्रा ने बताया कि चयनित सीएचसी पर नोडल अधिकारी नियुक्त हैं। मॉक ड्रिल के दौरान जनपद में कोविड मरीजों के लिए आरक्षित बेड, वार्ड और आक्सीजन की उपलब्धता देखी गई। वहीं पीडियाट्रिक वार्ड भी तत्काल में उपयोग लाए जा सकते हैं। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर बच्चों के लिए पीकू वार्ड तैयार हैं।