बेहटा गोकुल। थाना क्षेत्र में खेरिया गांव की मोड़ के पास बरेली की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। इसमें एक अधेड़ की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दूसरे साथी की हल्की चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के जसरथपुर निवासी धर्मपाल (55) रिश्तेदारी में बेहटा गोकुल थाना के मोदीपुर गांव आया था। मोदीपुर गांव निवासी (18) अवनीश बाइक से दवा लेने के लिए भिम्मा पुरवा जा रहा था। इन्हीं के साथ धर्मपाल भी दवा लेने के लिए जा रहा था। शाहजहांपुर-हरदोई मार्ग पर बरेली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार में बाइक सवार अवनीश व धर्मपाल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। अवनीश के कम चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार देने के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, धर्मपाल की हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टर ने लखनऊ के लिए रेफर किया। परिजन उन्हें लखनऊ लेकर नहीं गए। कुछ ही देर बाद धर्मपाल ने दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में मातम पसर गया। बताया गया है धर्मपाल के दो पुत्र व एक पुत्री है। खेती करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था।
शहर कोतवाल संजय पांडेय के मुताबिक जिला अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर शव का पंचनामा भरा गया है।