संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को रविवार को एक घंटा श्रमदान कार्यक्रम में मंत्री, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने श्रमदान कर स्वच्छांजलि दी। राज्यमंत्री ने नगर को साफ-सुथरा रखने की शपथ दिलाई।
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा में आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र, डीएम मंगला प्रसाद सिंह, एसपी केसी गोस्वामी व ईओ विनोद सोलंकी आदि के साथ शहीद उद्यान में झाड़ू लगाई और कूड़ा उठाकर श्रमदान किया। सफाई कर्मचारियों को आर्गेनिक खाद का वितरण किया।
सफाई कर्मचारियों से कहा कि नगर को और अधिक स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दें। डीएम व एसपी के साथ एडीएम प्रियंका सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट प्रशांत तिवारी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विनोद कुमार, राकेश सिंह आदि ने कलक्ट्रेट में श्रमदान किया। डीएम ने कहा कि श्रमदान का यह सिलसिला प्रत्येक रविवार को जारी रखा जाए। साफ-सफाई से बीमारी कम होती हैं, वातावरण अच्छा रहता है।
सीडीओ सौम्या गुरूरानी ने विकास खंड सुरसा के फरदापुर में आकस्मिक रूप से पहुंच कर सफाई कार्य का जायजा लिया। मुख्य बाजार में यूनियन बैंक पास श्रमदान कर सफाई की। ग्रामीणों को सफाई के प्रति प्रेरित किया।
डीपीआरओ विनय कुमार सिंह, पीडी गजेंद्र तिवारी व डीडीओ अरविंद कुमार ने विकास भवन परिसर में श्रमदान का गांधी जी को स्वच्छांजलि दी।