हरदोई। कोतवाली अंतर्गत पिकप से कुचलकर राजमिस्त्री की मौत हो गई। वहीं, अन्य हादसों में चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। पिहानी थाना क्षेत्र के ग्र्राम कालाबोझा निवासी चेतराम (35) गांव निवासी मोनू की बारात में शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिठारी आए हुए थे।
वह रविवार की सुबह शौच के लिए गांव के निकट सड़क पार कर रहे थे। अचानक बावन की ओर से आ रही पिकप डाला ने कुचल दिया। उनको जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करते थे। उनके दो पुत्र और तीन पुत्रियां है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कस्तूरी पुरवा निवासी ओम प्रकाश (18), पिहानी थाना क्षेत्र के कुइयां निवासी कृष्णा देवी (35) पत्नी किशन, हरियावां थाना क्षेत्र के कोटि सधिनावां निवासी सियाराम (40) पुत्र परशुराम और उनकी पत्नी सावित्री देवी (35) सड़क हादसे में घायल हो गई। उनको जिला अस्पताल में लाया गया।