संवाद न्यूज एजेंसी
बेहंदर। कासिमपुर थाना क्षेत्र के हेवली गांव में पति के साथ मायके में रह रही विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकता मिला। पुलिस की प्राथमिक जांच में पति के शराब पीने की आदत से परेशान होकर विवाहिता के खुदकुशी करने की बात सामने आई है।
हेवली निवासी गया प्रसाद ने अपनी पुत्री पूनम (27) की शादी सात वर्ष पहले सीतापुर जनपद के गोंदलामऊ निवासी श्रवण के साथ की थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी हेवली में ही रह रहे थे। सोमवार देर रात पूनम घर के अंदर नजर नहीं आई, तो परिजनों ने उसे आवाज दी।
कोई जवाब न मिलने पर उसके कमरे में जाकर देखा तो वह रस्सी के फंदे से लटक रही थी। परिजनों ने उसे फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक महेश चंद्र ने बताया कि प्राथमिक जांच में श्रवण के शराब पीने का आदी होने की जानकारी मिली है।
शराब के नशे में आए दिन पति पत्नी के बीच झगड़ा होता था। इसी के चलते पूनम ने खुदकुशी की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।