हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के दहेलिया गांव में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अरवल थाना क्षेत्र के दहेलिया गांव निवासी रईस का निकाह 12 साल पहले ज्योतीपुरवा निवासी सबीना (32) के साथ हुआ था। शुक्रवार की सुबह सबीना का शव मकान के अंदर बने कमरे में छत के कुंडे में दुपट़्टे के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी पर पिता मुख्तियार परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। इसी बीच पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सबीना के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। अरवल थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पिता ने घटना को लेकर फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।