ससुराल आए बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत - बिल्हौर-कटरा मार्ग पर सवायजपुर में हुआ हादसा अमर उजाला ब्यूरो हरदोई। बिल्हौर-कटरा मार्ग पर सवायजपुर के निकट बुधवार देर रात ससुराल आए बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में देर रात उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। फर्रूखाबाद जनपद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खाखिन निवासी धर्मेंद्र (45) पुत्र बिजेंद्र खेती करता था। उसकी ससुराल सवायजपुर में है। बुधवार को धर्मेंद्र बाइक से अपनी ससुराल आया था। बुधवार की देर शाम वह सवायजपुर कस्बे में बिल्हौर-कटरा मार्ग पर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। धर्मेंद्र सिर के बल सड़क पर जा गिरा। हेलमेट न लगाए होने के कारण उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में देर रात धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में पत्नी उमा के अलावा दो पुत्र हैं। पुलिस ने अस्पताल प्रशासन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया।