मल्लावां। अज्ञात कारणों से लगी आग के कारण छह झोपड़ीनुमा मकान राख हो गए।
65 हजार रुपये नकदी समेत लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के देवीपुरवा मजरा तेरवाकुल्ली में मंगलवार दोपहर बाद नन्हें राजपूत के झोपड़ीनुमा मकान में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में पड़ोस में ही स्थित राजू, बबलू राजपूत, नन्हें, राम कुमार व मिश्रीलाल के झोपड़ीनुमा मकान भी जल गए।
ग्रामीणों ने पंपिंग सेट चलाकर आग पर काबू पाया। घटना में राजू के घर में रखे 60 हजार रुपये और नन्हें के घर में रखे पांच हजार रुपये जल गए। अन्य मकानों में रखा गृहस्थी का सामान व जेवर भी जल गए। लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी लेखपाल को दी गई है।