हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा से सहयोगी के साथ दुकान खोलने जा रही महिला सराफ से दो युवकों ने तमंचे के बल पर जेवर और रुपयों से भरा बैग लूट लिया। पास ही बाइक पर खड़े साथी के साथ दोनों लुटेरे मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी पर एसपी भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित से जानकारी ली।
शहर कोतवाली क्षेत्र के खजांचीटोला निवासी सरिता गुप्ता की शहर कोतवाली क्षेत्र के सकतपुर गांव में ज्वैलरी शॉप है। वह मंगलवार को ई-रिक्शा से अपनी दुकान जा रही थी। ई-रिक्शा पर सधई बेहटा के पास से दो युवक सवार हुए।
कुंदौली गांव के पास इन दोनों युवकों ने तमंचे के बल पर महिला का बैग लूट लिया। पास ही बाइक पर खड़े साथी के साथ दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। एसपी केसी गोस्वामी, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र, सीओ सिटी अंकित मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और सरिता से घटना के बारे में जानकारी ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया। महिला ने पांच लाख रुपये के जेवर और 10 हजार रुपये लूटे जाने की बात कही है।
एसपी केसी गोस्वामी ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस के साथ ही एसओजी और सर्विलांस टीम को भी घटना का खुलासा करने के लिए लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।