अतरौली में बस स्टैंड पर बने सार्वजनिक शौचालय पर नगर पालिका का लगा ताला।
- फोटो : Samvad
नगर पालिका के अजीबो गरीब फरमान से अतरौली की जनता परेशान है। नगर पालिका ने अतरौली में स्वच्छ भारत मिशन के नाम पर खुले में लघुशंका या शौच जाने वालों पर जुर्माने का एलान कर दिया है। मुनादी के बाद दीवारों पर पेंटिंग भी करा दी गई। जबकि नगर पालिका ने सार्वजनिक स्थानों पर बने शौचालयों पर ताला डाल रखा है। इससे लोग परेशान हैं कि आखिर वह शौच या लघुशंका के लिए कहां जाएं?
अतरौली में नगर पालिका ने अलीगढ़ अड्डा, छर्रा अड्डा, बैसपाड़ा, ब्रह्मनपुरी, अवंतीबाई चौराहा, पैंठ चौराहा, तहसील परिसर आदि स्थानों पर सार्वजनिक शौचालय बनवाए थे, ताकि लोग खुले में शौच या लघुशंका के लिए न जाएं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत इनके निर्माण पर लाखों रुपये सरकारी धन खर्च हुआ था। अवंतीबाई चौराहा व पैंठ चौराहा के छोड़कर अन्य जगहों पर बने सार्वजनिक शौचालयों पर नगर पालिका ने सालों से ताले डाल रखे हैं। इससे लोग इनका उपयोग नहीं कर पा रहे हैं और खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। अब नगर पालिका ने स्वच्छ भारत मिशन का हवाला देते हुए नगर में मुनादी और दीवार पेंटिग के जरिए फरमान जारी कर दिया कि खुले में शौच या लघुशंका करते पाए गए तो सौ रुपये का जुर्माना लगेगा और फोटो खींचकर सोशल मीडिया व बैनरों पर छपवाया जाएगा। इस फरमान से लोगों के होश उड़ गए हैं।
- नगर पालिका को सार्वजनिक शौचालयों पर ताले डाल दिए हैं, तो शौच के लिए कहां जाएं? पालिका शौचालयों के ताले खुलवाए।
- छोटेलाल, यात्री
- बाहर से तमाम लोग अतरौली आते हैं। सार्वजनिक शौचालयों पर ताला लगा देख लोग मजबूरन खुले में लघुशंका के लिए जाते हैं। ॉ
दिनेश शर्मा, बस परिचालक
- सभी शौचालयों का निरीक्षण कर ताले खुलवाकर उनका संचालन शुरू कराया जाएगा। नगर को स्वच्छ बनाने के लिए खुले में शौचमुक्त करना होगा।
- नवीन जैन, प्रभारी स्वच्छ भारत मिशन