फर्जी आधार कार्ड बनाकर निकाय चुनाव में मतदान कराने की थी कोशिश
पुलिस ने संचालक के पास से 110 आधार कार्ड किए गए थे बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
कछौना। कस्बे में संचालित जीसा इंटरनेट जनसेवा केंद्र पर फर्जी आधार कार्ड बनाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। सेवा केंद्र का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति के साथ ही पुलिस ने संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। गुरुवार को पुलिस ने यहां से 110 आधार कार्ड बरामद किए गए थे। जांच रिपोर्ट में फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
क्षेत्राधिकारी विकास जायसवाल ने बताया कि खबर मिली थी की कछौना में एक जन सेवा केंद्र पर फर्जी आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। इनका मतदान में गलत तरीके से प्रयोग हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए दो दिन पहले से इस दुकान के आसपास सादी वर्दी में पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया था। इसी आधार पर गुरुवार को पुलिस ने छापा मारा तो वहां पर फर्जी 110 आधार कार्ड समेत तीन लोग पकड़े गए।
एसआई दिनेश कुमार यादव की तहरीर पर कस्बा कछौना निवासी मोहम्मद अकील,अमन अवस्थी व केंद्र संचालक रामजी गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके साथ सेवा केंद्र का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है। वहीं कोतवाल संदीप सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
ऐसे करते थे धोखाधड़ी
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग आधार कार्ड पर दूसरी फोटो लगाकर कार्ड को स्कैन कर दूसरा कार्ड बना देते थे। बताया कि मुंबई, दिल्ली सहित शहरों में रहने वालों के वोट डलवाने के लिए यह फर्जीवाड़ा करते थे।