कछौना। फैक्टरी में टिनशेड उतारने के दौरान गिरने से मजदूर की मौत हो गई। पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने हंगामा किया और शव नहीं उठने दिया। जानकारी पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
कछौना कोतवाली क्षेत्र के रंगैयाखेड़ा निवासी आशीष(19) औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2 में स्थित एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। उसका बड़ा भाई कुलदीप भी इसी फैक्टरी में काम करता है। शनिवार को आशीष फैक्टरी में टिनशेड उतार रहा था। इसी दौरान वह नीचे गिर गया। सिर के बल गिरने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कुलदीप ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने फैक्टरी से पांच लाख रुपये मुआवजा दिलाए जाने की मांग की। मांग पूरी न होने पर शव नहीं उठने दिया। कछौना कोतवाल राकेश यादव ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक परिजन नहीं माने।