संवाद न्यूज एजेंसी
भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र के रहीमाबाद ग्रंट निवासी युवक की संदिग्ध हालात में नोएडा के सेक्टर 14 में शुक्रवार शाम मौत हो गई। युवक नोएडा में पत्नी के साथ ससुरालीजनों के पास रहता था। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को लेकर गांव आ रहे थे, लेकिन विवाद होने की आशंका में एंबुलेंस चालक शव और परिजनों को कासिमपुर थाना क्षेत्र में उतारकर चला गया। बाद में अतरौली से आए परिजनों ने वाहन की व्यवस्था कर शव और साथ आए लोगों को गांव तक पहुंचाया।
रहीमाबाद ग्रंट निवासी सुनील (22) नोएडा में रहकर मजदूरी करता था। उसके साथ पत्नी रिंकी भी सेक्टर 14 में रहती थीं। इसके अलावा सुनील के ससुरालीजन जो मूल रूप से बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के राउदपुर निवासी हैं, साथ रहते थे। शुक्रवार की शाम संदिग्ध हालात में सुनील की मौत हो गई। इसकी जानकारी सुनील के ससुरालीजनों ने मृतक के भाई पप्पू को दी। नोएडा में कोई कार्रवाई किए बिना ससुरालीजन शव लेकर गांव आ गए।
ससुरालीजनों का कहना है कि सुनील ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है, जबकि सुनील के भाई का आरोप है कि ससुरालीजनों ने साजिश कर सुनील की हत्या कर दी। पप्पू की सूचना पर अतरौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक धीरज शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।