सांडी। अरवल थाना क्षेत्र के कुचिला गांव में मजदूर की गर्रा नदी पार करते समय डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों ने लगभग पांच घंटे बाद मजदूर का शव खोज निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुचिला निवासी मनोज (32) मजदूरी करता था। सोमवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे वह गर्रा नदी पार कर नोनखारा की ओर जाना चाह रहा था। नोनखारा की ओर खड़े नाविक को उसने आवाज भी दी थी, लेकिन नाविकों ने कहा कि दो सवारी आ रही हैं उनके आने के बाद उस तरफ आ जाएगा। इस पर मनोज ने पैदल ही नदी को पार करना शुरू कर दिया। गहराई में आने पर डूब गया। इसकी सूचना नाविक ने उसके परिजनों व अन्य ग्रामीणों को दी। सूचना पर सांडी के प्रभारी निरीक्षक सुरेश मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए और गोताखोरों को मनोज की तलाश में लगाया गया। लगभग पांच घंटे बाद मनोज का शव लगभग सौ मीटर दूर से बरामद हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।