धूमधाम से निकली खाटू श्याम बाबा की निशान यात्रासंडीला। श्री श्याम परिवार ट्रस्ट की तरफ से शुक्रवार को श्याम प्रेमियों ने खाटू श्याम बाबा की निशान यात्रा धूमधाम से निकाली। यात्रा का शुभारंभ पुरानी गल्ला मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर से हुआ। यहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से निशानों का पूजन किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच यात्रा रवाना हुई। निशान यात्रा मंदिर परिसर से स्टेशन रोड होते हुए मुख्य मार्ग से इमलियाबाग आई, जहां कार्यक्रम स्थल पर यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में राधा-कृष्ण और बाबा श्याम की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। पूरे मार्ग में श्याम भक्त बाबा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। भक्ति गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी और श्री श्याम परिवार ट्रस्ट के पदाधिकारी मौजूद रहे।