हरदोई। हरदोई में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात केसी गोस्वामी का तबादला शासन ने कर दिया है। उन्हें पुलिस अधीक्षक अभिसू्चना मुख्यालय लखनऊ में तैनाती दी गई है। बिजनौर के एसपी रहे नीरज कुमार जादौन को हरदोई का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
हरदोई में एसपी के पद पर 20 सितंबर 2023 को शासन ने केसी गोस्वामी को तैनाती दी थी। दस माह के कार्यकाल में पुलिस की अपराधियों से 21 मुठभेड़ हुईं। इनमें पुलिस की गोली लगने से 29 अपराधी घायल हुए, जबकि इन्हें मिलाकर कुल 37 अपराधी गिरफ्तार किए गए। पाली के व्यापारी अपहरण कांड की बात हो या फिर युवराज हत्याकांड की, आरोपियों से सख्ती से निपटा गया। इससे इतर केसी गोस्वामी सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में भी सक्रियता से उपस्थिति दर्ज कराते रहे। जन सामान्य की शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी वह गंभीर रहे। कई पुलिस कर्मियों पर भी लापरवाही करने में कार्रवाई की।
2015 बैच के आईपीएस हैं नीरज जादौन
मूल रूप से जालौन जनपद के नौरेजपुर गांव निवासी नीरज कुमार जादौन वर्ष 2015 बैच के आईपीएस अफसर हैं। कानपुर आईआईटी पास आउट नीरज कुमार जादौन कई मल्टीनेशनल कंपनियों में नौकरी कर चुके हैं। उनकी तैनाती अलीगढ़, गाजियाबाद देहात, हापुड़ और बिजनौर में रही है। उनकी गिनती बेहद ईमानदार और जनता के प्रति संवेदनशील अफसरों के रूप में की जाती है।