हरदोई। बेसिक बाल क्रीडा प्रतियोगिता में ब्लाॅक कछौना के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर 154 अंकों के साथ शील्ड पर कब्जा जमाया। 133 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर ब्लॉक सुरसा रहा। विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
स्थानीय स्पाेर्ट्स स्टेडियम में बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के फाइनल मैच खेले गए। इसमें ब्लॉकों के खिलाड़ियाें ने बेहतर प्रदर्शन किया। खेल प्रतियोगिता में बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए कछौना ब्लॉक के खिलाड़ियों ने 154 अंक प्राप्त किया। उनको प्रतियोगिता का विजेता घोषित किया गया।
वहीं दूसरे नंबर पर सुरसा टीम रही। इसके खिलाड़ियों ने 133 अंक प्राप्त किए। पूरे खेल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्राथमिक वर्ग में कछौना के दिलशाद और बालिका वर्ग में कोथावां की मोनी को ओवर ऑल चैंपियन बनी। वहीं जूनियर वर्ग में टोडरपुर के आरिफ और बेंहदर की मानसी वर्मा ओवर ऑल चैंपियन चुनी गईं। समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने विजेता टीम को शील्ड प्रदान की। इसके अलावा अन्य विजेताओं को सम्मानित किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह सहित विभागीय अधिकारी व शिक्षक नेता मौजूद रहे।
इन्होंने पाया स्थान-
टेबल टेनिस में बालक वर्ग में माधौगंज प्रथम, संडीला द्वितीय, बालिका वर्ग में कछौना प्रथम, संडीला द्वितीय, समूह गान में सुरसा प्रथम, कछौना द्वितीय, बैडमिंटन में टोडपुर प्रथम, कछौना द्वितीय रहा। लोकनृत्य में बावन प्रथम, कछौना द्वितीय, कबड्डी में कोथावां प्रथम, शाहाबाद द्वितीय, बालिका वर्ग में बेंहदर प्रथम, टोडरपुर द्वितीय स्थान पर रहा। व्यायाम प्रदर्शन में सांडी प्रथम, सुरसा द्वितीय, खो-खो में संडीला प्रथम, टड़ियावां द्वितीय, बालिका वर्ग में कोथावां प्रथम, टड़ियावां द्वितीय स्थान पर रहा।