हरदोई। माधौगंज में नहर विभाग के निरीक्षण भवन और जिलेदारी कार्यालय और कर्मचारियों के आवासों का कायाकल्प होगा। शासन ने इस काम के लिए 1,02,95,000 रुपये अनुमोदित किए हैं। शासन ने जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण के लिए चालू वित्तीय वर्ष में पहली किस्त में 27,95,000 रुपये जारी भी कर दिए हैं।
सिंचाई विभाग ने माधौगंज में नहर विभाग के निरीक्षण भवन, जिलेदार कार्यालय और इसी परिसर में बने कर्मचारियों के आवासों के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण की स्वीकृति दी है। शासन की ओर दी गई स्वीकृति के संबंध में विशेष सचिव कुलदीप श्रीवास्तव ने जारी पत्र में कहा है कि 1.02 करोड़ के अनुमोदन में से 27.95 लाख रुपये सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता को जारी भी कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव की अधिसूचना समाप्त होने से बाद से शासन ने प्रस्तावों के अनुमोदन के साथ ही स्वीकृति और बजट जारी करने में तेजी दिखाई है। नहर विभाग के अधिशासी अभियंता से कहा गया है कि समय से औपचारिकता पूरी करते हुए गुणवत्तापरक काम समय से पूरा कराया जाए।