संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत शहर के घरों से एक मुट्ठी मिट्टी व एक चुटकी चावल जुटाए जाने के कार्यक्रम का मंगलवार को नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने वार्डवार अमृत कलश का वितरण कर शुभारंभ किया। चंद्रयान-3 की सफलता के लिए पीएम व इसरो के विज्ञानिकों की सराहना की गई।
नगर पालिका के अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर की अध्यक्षता में बैठक हुई और आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मेरी माटी-मेरा देश अभियान पर चर्चा की गई। अमृत कलश यात्रा की सभी को जानकारी दी गई। अध्यक्ष ने कहा कि 11 से 30 सितंबर तक नगर पालिका की सीमा में आने वाले सभी घरों से एक मुट्ठी मिट्टी व एक चुटकी चावल अमृत कलश में जुटाए जाने हैं।
इसके लिए वार्डवार टीमों का गठन किया गया है। लोगों से आह्वान किया कि वह नगर पालिका के कर्मचारियों का इसमें सहयोग करें।सभी सभासदों, अधिकारियों-कर्मचारियों ने पंच प्रण की शपथ ली। अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी, अवर अभियंता चंद्रकांत, आदित्य श्रीवास्तव, विद्याभूषण सिंह, सभासद अमित त्रिवेदी रानू व अनिल यादव आदि मौजूद रहे।