जवानों को याद करेंगे तो देश प्रेम की भावना जागृत होगी : ब्रिगेडियर
- डीएम बोले, स्मारक सुरक्षित रहेगा और देखने में लोगों को असुविधा नहीं होगी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। नगर के सोल्जर बोर्ड चौराहे से हटाए गए अमर जवान स्मारक को शहीद स्मारक के पास स्थापित किया गया है। मंगलवार को अमर जवान स्मारक स्थल पर मुख्य अतिथि सिखलाई रेजिमेंट के कमांडेंट ब्रिगेडियर चंद्र शेखर अग्रवाल ने पुष्प चक्र अर्पित किया। उन्होंने कहा कि शहीद उद्यान में सुबह-शाम लोग आते हैं और वह अमर जवान स्मारक को देख कर वीर जवानों को याद करेंगे। उनके हृदय में देश प्रेम की भावना जागृत होगी।
जिलाधिकारी एमपी सिंह ने कहा कि चौराहे पर अमर जवान स्मारक स्थापित होने से रोज जाम की स्थिति पैदा होती थी। इसके साथ दुर्घटनाओं से बार-बार स्मारक क्षतिग्रस्त होने को ध्यान में रखते हुए तथा सैनिक कल्याण अधिकारी के कहने पर चौराहे से अमर जवान स्मारक को हटाकर नगर पालिका के सहयोग से शहीद उद्यान में स्थापित कराया गया है। अब स्मारक यहां सुरक्षित रहेगा तथा स्मारक देखने में लोगों को असुविधा भी नहीं होगी। कार्यक्रम में एसपी राजेश द्विवेदी, सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल ओपी मिश्रा, पूर्व सैनिक वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक अग्निहोत्री, शहीद उद्यान सेमरिया के अध्यक्ष अभय शंकर गौड़ और ईओ रविशंकर शुक्ल ने भी अमर जवान स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर अमर जवानों को सलामी दी।