पिहानी (हरदोई)। तीन दिन पहले ससुराल से मायके आई विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे पर लटकता मिला। कमरे में ही सुसाइड नोट मिला। इसमें मरना पसंद करूंगी, पर उस दहलीज पर कदम रखना नहीं... लिखा मिला। ननद से विवाद और कुछ अन्य कारणों से खुदकुशी किए जाने का उल्लेख भी सुसाइड नोट में है।
पिहानी कस्बे के मोहल्ला भाटनटोला निवासी सुशील गुप्ता की पुत्री शुभि गुप्ता (22) की शादी 28 अप्रैल 2024 को शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र के रंगमहल निवासी सिकंदर गुप्ता के साथ हुई थी। तीन दिन पहले ही शुभि मायके आई थी। मां साधना गुप्ता के मुताबिक सोमवार को दिन में लगभग 12 बजे जब वह कमरे के अंदर गई तो शुभि का शव दुपट्टे के फंदे से लटकता देखा। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग आ गए और शुभि का शव फंदे से उतारा। कमरे में एक सुसाइड नोट भी पड़ा मिला। इसमें शुभि ने ननद रत्ना से फ्रिज में बोतल लगाने को लेकर हुए विवाद और ससुराल में कदम रखते ही ससुर की मौत की जिम्मेदार ठहराए जाने का जिक्र करते हुए खुद को आहत बताया है। यह भी लिखा है कि घर आकर लगातार दो दिन तक रोती रही।
मर जाना पसंद करूंगी पर उस दहलीज पर दोबारा कदम रखना पसंद नहीं करूंगी। जानकारी पर कोतवाल डीडी सिद्धार्थ और और कस्बा चौकी प्रभारी रजनीश त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए। कोतवाल ने बताया कि सुसाइड नोट जांच के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।