गोधा थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर के पास कार ने बाइक सवार दंपती को रौंद दिया। हादसे में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालात गंभीर है। दोनों दवा लेकर अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
गांव सलेमपुर निवासी रूपेश कुमार (24) पुत्र श्योराज सिंह खेती-बाड़ी करते थे। शनिवार को वह अपनी पत्नी को दवा दिलाकर बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के पास पहुंचे ही थे तभी तेज रफ्तार कार उनकी बाइक में टक्कर मारकर निकल गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। खबर पाकर पहुंचे परिवार वाले तत्काल ही दोनों को एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने रूपेश को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिवार वालों का रोकर बुरा हाल था। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हुई थी। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।