शाहाबाद। घरेलू किसी बात में पति -पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसमें पति ने पत्नी को पीट दिया। इस बात से खफा पत्नी ने पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस की कार्रवाई के डर से पति ने पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी।
नगर के मोहल्ला मीरा बस्ती निवासी शोभित कश्यप (23) मंगलवार की दोपहर में पत्नी वर्षा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस पर वर्षा ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि ससुर नीरज व सास कमलादेवी के कहने पर पति ने उसके साथ मारपीट की है। इसके बाद कोतवाली के दो सिपाही मौके पर जांच करने गए तो शोभित ने अपने आप को कमरे में बंद कर लिया। इस पर सिपाही उसे चेतावनी देकर लौट गए। कुछ देर के बाद शोभित ने कमरे के भीतर पंखे के कुंडे में सांड़ी का फंदा डालकर जान दे दी। उस समय घर पर कोई नहीं था। मां कमला देवी का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई के डर के चलते बेटे ने आत्महत्या कर ली। वहीं, घर से मौका पाकर पत्नी भी कही चली गई। शोभित की शादी शाहजहांपुर में हुई थी। उसका दो महीने का एक बेटा भी है। कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।