हरदाेई। पत्नी की मौत के बाद से परेशान चल रहे युवक ने लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर जीआरपी थाना क्षेत्र में ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। परिजन उसे तलाशते हुए मोर्चरी पहुंचे तो घटना का पता चला। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के धन्नूपुरवा निवासी रिषीकांत (24) पानीपत में एक मोबाइल शॉप पर नौकरी करते थे। एक माह पहले घर आए थे। 22 दिन पहले उनकी पत्नी पूजा की एक हादसे में मौत हो गई थी। उनकी बेटी को नाना विजय कुमार साथ ले गए थे। पत्नी की मौत के बाद से रिषीकांत परेशान थे। बुधवार को वह ससुराल जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं आए। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच परिजनों को पता चला कि बुधवार को आधीरात के बाद लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर जीआरपी थाना क्षेत्र के चांदमारी के पास अज्ञात युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली है।
इस पर परिजन तलाशते हुए पहले जीआरपी थाने और फिर जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे। यहां शव देखकर शिनाख्त कर ली। भाई रमाकांत ने बताया कि बुधवार को रिषीकांत अपनी बेटी से मिलने के लिए ससुराल चांदबेहटा गए थे और उसके बाद से वापस नहीं आए। ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।