एमएलसी चुनाव की मतगणना जीआईसी परिसर में रविवार को होगी। मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। यहां प्रत्याशी व मतदान एजेंट के अलावा किसी को भी प्रवेश नहीं मिलेगा। वहीं, मतगणना स्थल तक जाने वाले मार्ग पर यातायात बंद रहेगा। मतगणना स्थल के आसपास शस्त्र व आतिशबाजी पर रोक है।
एमएलसी चुनाव की मतगणना में पहले स्तर पर मतगणना कक्ष व पांडल में सीओ बघौली के नेतृत्व में दो थाना प्रभारी, चार एसआई व पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। मतगणना के लिए चार टेबल बनाई गई है। जिसमें प्रत्येक टेबल पर एक एसआई और चार सिपाही तैनात रहेंगे।
इसके अलावा डेढ़ सेक्शन पीएएसी व सशस्त्र पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। द्वितीय स्तर जीआईसी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सीओ हरपालपुर के हाथ में होगी। उनके साथ दो एसओ,एक प्लाटून पीएसी, 25 सिपाही तैनात रहेंगे। जीआईसी का घंटाघर रोड का गेट बंद रहेगा।
परिसर के गेट से लेकर पार्किंग की जिम्मेदारी सीओ हरियावां के पास होगी। उनके साथ दो एसओ, 20 सिपाही तैनात रहेंगे। गेट पर तलाशी के बाद ही प्रत्याशी व मतगणना कर्मी, मतगणना अभिकर्ता को अंदर जाने दिया जाएगा। परिसर में शस्त्र लेकर कोई प्रवेश नहीं कर सकेगा।
एमएलसी चुनाव की मतगणना के लिए पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी की ओर से सख्त सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि धारा 144 लागू है। उन्होंने कहा कि मतगणना कैमरे की नजर में रहेगी और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मतगणना के बाद हर्ष फायरिंग और विजय जुलूस पर पुलिस ने रोक लगा दी है। इसके अलावा प्रत्याशी का कोई भी समर्थक आतिशबाजी आदि लेकर परिसर के आस-पास जमा नहीं होगा। परिसर में बीड़ी, सिगरेट, माचिस, लाइटर आदि भी प्रतिबंधित रहेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी बीसी दुबे ने बताया कि रूट डायवर्जन का पालन कराने के लिए चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। ताकि शहर के लोगों को दिक्कत न हो। उन्होंने बताया कि मतगणना के दिन सोल्जर बोर्ड चौराहे पर बैरियर लगेगा।
इसके आगे सिर्फ प्रत्याशी व कर्मचारी अपने वाहन ले जा सकेंगे। सीडीओ कार्यालय के गेट के अंदर अपने वाहन खड़ा करेंगे। वहीं, जेल रोड से आने वाले वाहन चालक पीडब्लूडी तिराहे पर बैरियर पर रोके जाएंगे। गांधी भवन के पास बैरियर लगेगा।
इधर से आने वाले कर्मचारी अपने वाहन गांधी भवन में खड़ा कर पैदल जीआईसी गेट तक आएंगे। मतगणना के दौरान सिनेमा चौराहे से आने वाले वाहन घंटाघर रोड से निकलते हुए नुमाइश चौराहा होकर जाएंगे। प्रेक्षग्रह के पास से वाहन सीधे जेल रोड होते हुए अस्पताल रोड के मार्ग से सिनेमा चौराहा पहुंचेंगे।