बेनीगंज। एक तरफ पर्यावरण बचाने से लेकर पौधरोपण तक का अभियान चल रहा है और दूसरी तरफ ठेकेदार ने वर्ष 2012 में रोपे गए शीशम के 15 पेड़ ही काट डाले।
संडीला तहसील क्षेत्र के कछौना वन रेंज में हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अफसर सक्रिय हो गए। शाम होते होते ठेकेदार के खिलाफ पूरे मामले में एफआईआर दर्ज हो गई। एक ट्रैक्टर और गड्ढा खोदने की मशीन भी सीज की गई है।
प्रतापनगर बघौली मार्ग पर बरौली गांव के पास वर्ष 2012 में सड़क किनारे वन विभाग ने पौधरोपण कराया था। यहां बड़ी संख्या में शीशम के पेड़ लगाए गए थे। 12 साल में यह पेड़ काफी बड़े हो चुके थे। बुधवार को यहां लगे 15 शीशम के पेड़ काटे जाने और दस पेड़ों की डालें काट दिए जाने की जानकारी वन विभाग के कछौना रेंजर विनय सिंह को मिली।
इस पर वह मौके पर पहुंचे तो पता चला कि गोंडा निवासी रमन पासवान ठेकेदार है और उसने बिजली की लाइन डलवाने के लिए पेड़ कटवा दिए। हालांकि जब बिजली विभाग से इस बारे में जानकारी की गई तो पता चला कि बघौली प्रतापनगर मार्ग का निर्माण चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते पेड़ काटे गए हैं। कछौना रेंजर विनय सिंह ने बताया कि फिलहाल रमन पासवान के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
मौके पर मिले एक ट्रैक्टर और एक गड्ढा खोदने की मशीन को भी सीज कर कछौना वन विभाग के कार्यालय में खड़ा करा दिया गया है। भारतीय वन अधिनियम के तहत आरोपी को दो साल तक की सजा और काटे गए पौधों की कीमत का आंकलन कर जुर्माने का प्रावधान है।