दिल्ली सहित अन्य जिलों के लिए
- यूपी भवन में अभिनेत्री के साथ यौन शोषण के मामले में जिले के कई सफेदपोश आ सकते घेरे में
- कांग्रेसी नेता का नाम आने से सियासी गलियारों में बढ़ी हलचल, करीबी भागे
-दिल्ली पुलिस अभी मुख्य आरोपी से पूछताछ के बाद छानबीन करने में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। यूपी भवन में फिल्म अभिनेत्री के साथ हुए यौन शोषण के मामले में दिल्ली पुलिस की जांच जल्द ही हरदोई तक पहुंच सकती है। मुख्य आरोपी राज्यवर्धन सिंह परमार की उज्जैन से गिरफ्तारी के बाद जनपद के एक कांग्रेस नेता का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि इसी नेता ने अभिनेत्री की मुलाकात राज्यवर्धन से कराई थी।
चर्चा है कि इस रंगीन मिजाज वाले नेता के कई करीबी दोस्त भी जांच की दायरे में आ सकते हैं। इससे सियासी गलियारों में भी हलचल बढ़ गई है। बताया जाता है कि कांग्रेसी नेता से जुड़े कई लोगों ने अपने मोबाइल के स्विच बंद कर लिए हैं तो कई जनपद छोड़कर बाहर घूमने के लिए निकल गए हैं। दरअसल, राज्यवर्धन यहां टड़ियावां के अजीजपुर मजरा हरिहरपुर का रहने वाला है। ऐसे में यह भी बताया जा रहा है कि यह कांग्रेस का नेता राज्यवर्धन का रिश्तेदार भी है।
-
मंत्रियों की तरह लाव लश्कर से गांव आता था राज्यवर्धन
गांव के बुजुर्ग लोगों का कहना है कि राज्यवर्धन जब भी गांव आता था तो एक मंत्री की तरह लाव लश्कर से आता था। साथ में करीब पांच गाड़ियां रहती थीं। वह प्राइवेट गनर भी रखता था। इससे सामान्य व्यक्ति उससे बोलने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाता था।
दिल्ली पुलिस कई चेहरों से उतरेगी नकाब
लोगों में चर्चा है कि राज्यवर्धन परमार के मामले को लेकर अगर दिल्ली पुलिस हरदोई पहुंची तो फिर पूर्व कांग्रेसी नेता ही नहीं बल्कि कई सफेदपोशों के चेहरे से नकाब उतर सकता है। हालांकि इस समय पूरे जिले में यह घटना चर्चा का विषय बनीं हुई है।