शाहाबाद। किशोरी को बहला-फुसलाकर बाग में ले जाकर दुष्कर्म करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 23 जुलाई को वह पति के साथ लखनऊ दवा लेने गई थी। घर में 13 वर्षीय बेटी थी। वह शाम को बाजार सब्जी खरीदने जा रही थी।
रास्ते में मोहल्ला निवासी तहजीम उसे बहला-फुसलाकर पड़ोस के एक बाग में ले गया था। आरोप है कि उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद गंभीर हालत में उसे दरवाजे के बाहर छोड़कर फरार हो गया।
25 जुलाई को घर वापस आने पर बेटी ने घटना की जानकारी दी। उसने कोतवाली में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इस पर उसने सीओ हेमंत उपाध्याय को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सीओ के आदेश पर पुलिस ने मंगलवार रात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की। कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।