फोटो-23- मृतक आमिर की फाइल फोटो
- फोटो : HARDOI
कछौना। स्टेशन मार्ग पर गोविंदपुर मोड़ के पास सोमवार शाम संदिग्ध हालात में बेहोश मिले युवक की लखनऊ पीजीआई ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। रात में शव लेकर आए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव मवई के मजरा हथौड़ा निवासी आमिर उर्फ नीरू (18) कानपुर में एक निजी कंपनी में काम करता था। सोमवार को वह कानपुर से घर आ रहा था। देर शाम वह कछौना में स्टेशन मार्ग पर गोविंदपुर मोड़ के पास संदिग्ध हालात में बेहोश पड़ा था।
जेब में मिले मोबाइल से राहगीरों ने उसके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी लेकर गए। वहां से डॉक्टर ने हालत नाजुक होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। वहां पर भी डॉक्टर ने जवाब दे दिया।
परिजन उसे एसजीपीजीआई लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। देर रात परिजन शव लेकर घर आए। मंगलवार की सुुबह परिजनों ने कोतवाली में सूचना दी। कोतवाल संदीप सिंह ने बताया कि परिजनों ने किसी तरह के कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।