हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र में सीतापुर मार्ग पर गौरा डांडा के पास बृहस्पतिवार देर रात बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की बाइक के नंबर से पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।
बेहटा गोकुल क्षेत्र के यासीनपुर निवासी विमलेश (25) मजदूरी करता था। उसके भाई नरेश की ससुराल सीतापुर के मिश्रिख थाने के सुजानपुर गांव में है।
बृहस्पतिवार देर रात वह बाइक से भाई की ससुराल जा रहा था। हरदोई-सीतापुर मार्ग पर गौराडांडा गांव के पास सामने से आई दूसरी बाइक से उसकी बाइक भिड़ गई। हादसे में विमलेश की मौके पर मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भेजा। जहां पर डॉक्टरों ने दोनों की हालत नाजुक बताई है।
शुक्रवार सुबह मृतक युवक के परिजन अस्पताल आ गए। उन्होंने बताया कि वह अविवाहित था। एसओ नित्यानंद सिंह ने बताया कि दोनों बाइकों के चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।