शाहाबाद। मोहल्ला मौलागंज में शुक्रवार शाम संदिग्ध हालात में आग से झुलसी महिला ने देर रात शाहजहांपुर के एक अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका के भाई ने ससुरालियों पर बहन की जलाकर हत्या करने का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी।
सांडी कस्बे के मोहल्ला खालसा निवासी इरफान ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उसने बहन राशिदा (55) का निकाह 25 वर्ष पहले शाहाबाद के मोहल्ला मौलागंज निवासी बहीद के साथ किया था।
शुक्रवार देर शाम बहन संदिग्ध हालात में झुलस गई। ससुराली उसे शाहजहांपुर के एक अस्पताल लेकर गए। जहां पर कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया। आरोप है कि जिस कमरे में राशिदा जली मिली थी, उसकी खिड़की की जाली कटी थी, कमरे में रखे गैस का पाइप निकला था।
बताया कि बहन के कोई संतान नहीं थी। इसलिए ससुराली उसे प्रताड़ित करते थे। भाई इरफान के मुताबिक शुक्रवार को बहन ने फोन करके ससुरालियों पर हत्या किए जाने की साजिश रचने की बात कही थी।
इसके बाद बहन की जलाकर हत्या कर दी गई। सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या घटना आत्महत्या की प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है।