हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के खसौरा गांव में सोमवार रात एक महिला का शव टिन शेड में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खसौरा निवासी सरस्वती (50) का शव सोमवार देर रात घर में पड़े टिन शेड के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला। देर रात पति वीरेंद्र ने शव लटका देखा।
पति के शोर मचाने पर परिजन व पड़ोसी मौके पर आ गए। घटना में परिजन चुप्पी साधे हैं। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार की शाम मृतका का बेटे से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
बेटे से विवाद होने से क्षुब्ध होकर उसने फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका के दो पुत्र एवं चार पुत्रियां हैं। प्रभारी निरीक्षक उमाकांत दीपक ने बताया कि परिजनों ने आरोप से इंकार किया है। घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।