हरदोई। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने महिला को पीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला लक्ष्मीपुरवा निवासी दिनेश गुप्ता ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया कि उसने बेटी दीपमाला की शादी शहर केे मोहल्ला न्यू सिविल लाइन निवासी समीर गुप्ता के साथ की थी। शादी में आठ लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बाद भी बेटी के ससुराली संतुष्ट नहीं थे।
वह दहेज में कार की मांग कर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार समझौता होने के बाद भी ससुराली उसे परेशान करते रहे। आरोप है कि 20 अक्तूबर को ससुरालियों ने बेटी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह मायके में है।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समीर, ससुर राजीव गुप्ता और सास के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।