पिहानी। कोतवाली क्षेत्र के गांव महिलरा में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव बंदरहिया निवासी शबाना उर्फ शबीना (35) का निकाह मई 2008 में पिहानी के ग्राम महिलरा निवासी अरशद उर्फ सिराज के साथ हुआ था। शुक्रवार देर रात संदिग्ध हालात में शबाना की मौत हो गई।
पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मायके से पिता जहूर अली परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता ने बताया कि बेटी के निकाह में सामर्थ्य के अनुसार उपहार दिए थे।
इसके बावजूद ससुराली एक लाख रुपये और कार की मांग कर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद से ससुराली फरार हो गए।
उसका शव घर में तख्त पर पड़ा मिला। मृतका के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने शनिवार को पति अरशद, जेठ असलम व अकरम, ननद असरीना, अनीसा के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल वेनी माधव त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।