हरदोई। जिला विकास अधिकारी अजय प्रताप सिंह के खिलाफ उप्र सतर्कता अधिष्ठान जांच शुरू कर दी है। सतर्कता अधिष्ठान ने यह जांच बलरामपुर की ब्लॉक हरैया में बीडीओ के पद पर तैनाती के दौरान की गई गड़बड़ी पर शुरू की है। सतर्कता अधिष्ठान की ओर से मांग गए अभिलेखों के क्रम में ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त ने डीडीओ के सेवा अभिलेख तलब किए हैं।
ग्राम्य विकास विभाग के आयुक्त की ओर से संयुक्त आयुक्त नंदलाल सिंह ने अधिकारियों को लिखे पत्र में कहा है कि डीडीओ अजय प्रताप सिंह के विरुद्घ उप्र सतर्कता अधिष्ठान ने जांच शुरू की है। बलरामपुर के ब्लॉक हरैया में तैनाती के दौरान की गई गड़बड़ी होने पर इस जांच का निर्णय लिया गया है।
सतर्कता अधिष्ठान अनुभाग दो ने अपने पत्र के माध्यम से डीडीओ के सेवा संबंधी अभिलेखों की मांग की है। पत्र में कहा है कि सेवा अभिलेखों में खुली जांच प्रचलित है अंकित कराते हुए डीडीओ अजय प्रताप सिंह का पूरा सेवा विवरण मांगा गया है।
संयुक्त आयुक्त ने पत्र में कहा है कि सतर्कता अधिष्ठान को सेवा अभिलेख प्राप्त कराए जाने के लिए अभिलेखों को समय से प्राप्त कराया जाना भी प्राथमिकता में है। डीएम एमपी सिंह ने बताया कि अभिलेखों को आयुक्त और सतर्कता अधिष्ठान के आदेशों के क्रम में प्राप्त कराए जाने की जिम्मेदारी सीडीओ को सौंपी गई है।