हरदोई। प्रेमी के साथ फरार हुई युवती का बयान दर्ज कराने के लिए उसे कोर्ट लेकर आई पुलिस पर युवती के परिजनों ने जबरिया बयान कराने का आरोप लगा हंगामा किया। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के काफी समझाने के बाद परिजन शांत हुए।
लोनार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती एक सप्ताह पूर्व अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें कहा था कि युवती को गांव का ही एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
इसआधार पर पुलिस में मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार को पुलिस ने प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को पुलिस युवती का बयान दर्ज कराने के लिए लेकर उसे कोर्ट आई थी।
युवती के परिजन भी कोर्ट पहुंच गए। परिजनों ने कोर्ट के बाहर जमकर हंगामा किया। युवती की मां ने पुलिस पर युवक से पैसा लेकर उसके पक्ष में बयान कराने का आरोप लगाया।
पुलिस ने समझा कर परिजनों को सिविल कोर्ट परिसर से बाहर निकाला। लोनार इंस्पेक्टर विनोद कुमार यादव ने बताया कि लड़की बालिग है। उसने कोर्ट में शादी भी कर ली है। वह अपने प्रेमी के साथ जाना चाहती है। इसके बाद पुलिस ने युवती को प्रेमी के साथ भेज दिया है।