हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-सीतापुर मार्ग पर बुधवार शाम ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ में टकरा गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को सीएचसी मेें भर्ती कराया। परिजनों के आने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के खेतुई गांव निवासी राकेश (45) ट्रक चालक था। बुुधवार को वह खाद लादकर बेनीगंज गया था। देर शाम वापस आते समय हरदोई-सीतापुर मार्ग पर मढ़िया पुलिया के पास ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ में टकरा गया। हादसे में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से उसे ट्रक से निकालकर सीएचसी भेजा।
उसकी तलाशी के दौरान पास में मिले मोबाइल से पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही कुछ देर में परिजन मौके पर आ गए। परिजनों के आने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा चार बच्चे हैैं।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। बेनीगंज कोतवाल गंगाप्रसाद यादव ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ है।