हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ मार्ग पर बुधवार देर शाम राव बहादुर मोड़ के पास ई-रिक्शा में कार ने टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने महिला समेत दो लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। लखनऊ जाते समय रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फरेंदा निवासी मालती (50) का मायका बघौली के रावबहादुर गांव में है। रक्षाबंधन के लिए वह दो दिन पहले मायके गई थी।
बुधवार दोपहर वह भतीजी आरती (18), रामा (13) के साथ बघौली बाजार राखी खरीदने आई थी। देर शाम सभी ई-रिक्शा से वापस जा रहे थे। ई-रिक्शा में मालती, आरती, रामा के अलावा राव बहादुर निवासी संतोष (22), सालिकराम (36), प्रकाश (35), दुर्गा (18), मिथुन भी थे।
हरदोई-लखनऊ मार्ग पर रावबहादुर मोड़ के पास ई-रिक्शा मोड़ते समय हरदोई की तरफ से आई कार ने टक्कर मार दी। ई-रिक्शा पलटने से सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टर ने मालती और संतोष की हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें लेकर लखनऊ जा रहे थे। रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। शव लेकर आए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। गुरुवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। एसओ सोमपाल गंगवार ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।