बेहंदर। कासिमपुर थाना क्षेत्र के मल्लावां मार्ग पर जरियारी गांव के पास सोमवार रात बाइक सवार सगे भाइयों व पौत्र की भूमि विवाद में कार से कुचलकर हत्या की गई थी।
पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शवों का पोस्टमार्टम कराया। विवाद की आशंका को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
थाना क्षेत्र के सांवल खेड़ा के मजरा गदियन खेड़ा गांव निवासी दूबर (80) खोया का कारोबार करते थे। वह सोमवार को अपने चचेरे भाई रईश (60) के साथ संडीला बाजार खोया बेचने गए थे।
जहां से देर रात दूबर का पौत्र रेहान अली (26) के साथ दोनों बाइक से घर आ रहे थे। संडीला-मल्लावां मार्ग पर जरियारी गांव के पास पीछे से आई कार ने बाइक में टक्कर मारते हुए तीनों को कुचल दिया था।
घटना में तीनों की मौके पर मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर सड़क पर जाम लगा दिया था। पुलिस ने समझा कर देर रात जाम खुलवाया। परिजनों का आरोप है कि ग्राम पंचायत खड़ंजा बनवा रही थी।
इसकी जमीन पर परिवार के चाचा मुन्ना दीवार बनवा रहे थे। इसी बात को लेकर मृतक दूबर के भतीजे जब्बार ने तीन जून को मुन्ना की दीवार गिरा दी थी। इस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। मामला थाने तक पहुंचा था।
पुलिस ने जब्बार के खिलाफ दीवार गिराने की रिपोर्ट दर्ज की थी। इस रंजिश के चलते विपक्षियों ने सोमवार रात गौसापुर के पास घात लगाकर बैठे थे। दूबर के अपने भाई और पौत्र के साथ निकलते ही जरियारी के पास पीछे से बाइक में कार से टक्कर मारकर तीनों को कुचल दिया।
मृतक दूबर के बेटे बरकत अली की तहरीर पर पुलिस ने सद्दाम, आरिफ और गुफरान के खिलाफ हत्या का रिपोर्ट की दर्ज की। सोमवार को पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया।
एसओ हरिशंकर प्रजापति ने बताया कि हत्यारोपी अभी फरार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जिनका था विवाद, उन पर नहीं आईं आंच
विवाद किसका और हत्या किसी और की हो गई। इतना ही नहीं हत्या करने वाले भी दूसरे ही निकले। बता दें कि मृतक दूबर के भतीजे जब्बार से हत्यारोपियों के चाचा मुन्ने से खड़ंजे की भूमि पर दीवार बनाने को लेकर विवाद चल रहा था। रंजिश मुन्ने व जब्बार के बीच थी, लेकिन भूमि विवाद में खून दूबर, रईश और रेहान का हुआ और करने में दूसरे लोग शामिल रहे। पुलिस इस पहलू की भी जांच करने में जुटी है।
एलएलबी का छात्र था रेहान
मृतक रेहान के पिता बरकत अली का कहना है कि बेटा एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। वह वकील बनना चाहता था, लेकिन खुदा को शायद यह मंजूर नहीं था। आज बेटा उनसे दूर हो गया। रेहान तीन भाइयों व बहन में सबसे बड़ा था। एक परिवार में तीन लोगों की हत्या से पूरे गांव में मातम पसरा है।
फोटो-03-मृतक रईस की फाइल फोटो- फोटो : HARDOI
फोटो-04- मृतक दुबर की फाइल फोटो- फोटो : HARDOI
फोटो-05- पोस्टमार्टम हाउस के बाहर रोते बिलखते मृतकों के परिजन- फोटो : HARDOI
फोटो-06- अधूरा पड़ा खडंजा इसी को लेकर बताया जा रहा विवाद चल रहा था- फोटो : HARDOI