हरदोई। शाहाबाद कस्बा के मोहल्ला रामनगर में अपने भाई के घर रहे किसान ने पड़ोसियों की प्रताड़ना से परेशान होकर बुधवार रात छत से कूद कर जान दे दी। मृतक की पत्नी ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने सात लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की है।
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के गांव सुंदरपुर निवासी मनुज अवस्थी (52) खेती करता था। वह कुछ दिनों से शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला रामनगर कालोनी में अपने भाई के घर में रह रहा था।
उसकी पत्नी आशा ने बताया कि गांव के हरिचंद्र, संजीव, सुशील, प्रांशू, छोटू, श्रवण, राजकिशोर उसके पति से चुनाव की रंजिश मानते थे। इसे लेकर कई बार दरवाजे के पास खड़े होकर गलत टिप्पणी करने के साथ ही गाली-गलौज करते थे।
जिससे परेशान होकर पति गांव छोड़कर भाई के घर जाकर रहने लगे थे। आरोप है कि उन्हीं लोगों की प्रताड़ना से परेशान होकर पति ने छत से कूदकर जान दी है।
मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं। शाहाबाद कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।