फोटो-33- झोपड़ी में लगी आग से जला सामान
- फोटो : HARDOI
सांडी। थाना क्षेत्र के छितरामऊ गांव में शनिवार शाम कूड़े से उड़ी चिंगारी से तीन झोपड़ियों में आग लग गई। इसकी चपेट में आकर दो मवेशी झुलस गए, इसमें एक की मौत हो गई। जबकि एक झोपड़ी में रखे एक लाख नकद और जेवर आदि जलकर राख हो गए। पीड़ितों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया।
छितरामऊ गांव निवासी रामानंद, सत्यदेव, सुरेश खेती करते हैं। तीनों के घर गर्रा नदी से कट गए थे। इसलिए वह झोपड़ी बनाकर रहते हैं। शनिवार को तीनों के परिवार खेत पर मूंगफली की फसल की तुराई करने गए थे। देर शाम तीनों की झोपड़ियों में आग लग गई। आग की लपटें उठतीं देख ग्रामीणों में भगदड़ मच गई।
जानकारी होने पर तीनों परिवार के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ितों ने ग्रामीणों की मदद से एक घंटे की मसक्कत कर आग पर काबू पाया। रामानंद के मुताबिक उनके बेटे सुमित की 25 नवंबर को शादी है। बेटे की शादी के लिए एक लाख रुपये नकद, जेवर आदि रखे थे। आग की चपेट में इस सामान के साथ गृहस्थी का सामान जल गया। आग से उसके दो मवेशी भी झुलस गए। इसमें एक की मौत हो गई।
वहीं आग से सत्यदेव और सुरेश की गृहस्थी जलकर राख हो गई। पीड़ितों ने झोपड़ियों के पीछे पड़े कूड़े से निकली चिंगारी से आग लगने की बात कही। सूचना पर राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एसडीएम बिलग्राम राहुल कश्यप विश्वकर्मा ने बताया कि नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।