हरदोई। शहर में सरकुलर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर ई-रिक्शा सवार युवक के पास बैठा युवक उसकी जेब से पांच हजार रुपये निकाल कर भाग गया। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
मल्लावां निवासी वसीम ने बताया कि उसकी मां बीमार हैं। वह कई दिनों से शहर के एक अस्पताल में भर्ती है। मां के इलाज के लिए जेब में पांच हजार रुपये रखे थे। शुक्रवार दोपहर वह स्टेशन की तरफ से ई-रिक्शा पर सवार होकर लखनऊ चुंगी आ रहा था। पंजाबी कालोनी के पास एक युवक ई-रिक्शा रुकवाकर पास में बैठ गया।
सरकुलर मार्ग पर बेलाताली के आगे युवक ने उसकी शर्ट की जेब में रखे रुपये निकाल लिए और चलते ई-रिक्शा से कूद गया। इसके बाद पीछे से हेलमेट लगाकर आए बाइक सवार के साथ बैठकर फरार हो गया।
पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। लखनऊ चुंगी चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। फुटेज में बाइक पर बैठकर भाग रहे युवक की तस्वीर कैद हो गई। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।