कछौना (हरदोई)। दामाद के साथ बाइक से बेटी की शादी के कार्ड बांटने जा रहे उन्नाव के अधेड़ की बाइक में पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दामाद को भी मामूली चोटें आईं। वह राहगीरों की मदद से ससुर को लेकर सीएचसी पहुंचा। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र के जवाहर नगर निवासी जगदीश प्रसाद शर्मा (55) की बेटी की 25 नवंबर को है। वह शादी के कार्ड बांटने अपने दामाद औरास थाने के इनायतपुर निवासी मुनेश्वर के साथ बाइक से कछौना और बघौली क्षेत्र में रिश्तेदारी में जा रहे थे।
रास्ते में कछौना कोतवाली क्षेत्र मेें हरदोई-लखनऊ मार्ग पर मटियामऊ के पास पीछे से आई पिकअप ने अनियंत्रित होकर बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में जगदीश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। हेलमेट लगाए होने से दामाद मुनेश्वर के मामूली चोटें आईं। घटना के बाद चालक पिकअप लेकर भाग गया।
घायल दामाद राहगीरों की मदद से ससुर को लेकर सीएचसी पहुंचा। जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल संदीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।